अमेठी। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पूरे पंडित अमृतलाल गांव में हाल ही में एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। जिस घर में बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी घर से पिता की अर्थी उठ गई।बताया जा रहा है कि गौतम कुमार अपनी बेटी मनीषा की शादी की तैयारियों में जुटे थे। बारात दरवाजे पर पहुंच चुकी थी और घर में विवाह की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान गौतम कुमार अपने पड़ोसी आसाराम के साथ बाइक से बाजार पूजा के लिए फल लेने निकले थे।लखनऊ-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गौतम कुमार और आसाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय दोनों ने दम तोड़ दिया।मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। गौतम कुमार मजदूरी कर अपने 6 बेटियों और एक बेटे का पालन-पोषण करते थे। बेटी की शादी उनका सबसे बड़ा सपना थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।दूसरी ओर आसाराम के भी 5 छोटे बच्चे हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।इस दुखद माहौल में ग्रामीणों और दूल्हे पक्ष ने इंसानियत की मिसाल पेश की। भारी गम और सिसकियों के बीच पिता की गैरमौजूदगी में बेटी की शादी की रस्में पूरी कराई गईं। एक तरफ पिता का शव पोस्टमार्टम के लिए जा रहा था, तो दूसरी तरफ नम आंखों से बेटी की विदाई हुई।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
