अमेठी। इन्हौना थाना क्षेत्र के जय मां शारदा यात्री प्लाजा के पास चिलौली गांव में सड़क किनारे नाले में एक नवजात बच्ची मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।जानकारी के अनुसार चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव, केस वर्कर रुचि सिंह, सुपरवाइजर रोशन लाल एवं पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए नवजात को नाले से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचाया।डॉक्टरों ने जांच के दौरान बच्ची का वजन कम पाया, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बाद में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बच्ची को मलिक मोहम्मद जायसी जिला अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लावारिस या संकट में मिले बच्चे की सूचना तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते उनकी मदद की जा सके।
