मोहनलालगंज। लखनऊ, मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने भारतीय जनता पार्टी पर पासी समाज की लगातार उपेक्षा करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के करीब 9 वर्ष 3 माह के कार्यकाल के दौरान पासी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया, लेकिन सत्ता और संगठन में उसे अपेक्षित सम्मान और भागीदारी नहीं दी गई।रविवार को जारी अपने बयान में पूर्व विधायक ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के पास पासी समाज के सबसे अधिक विधायक होने के बावजूद समाज को प्रभावशाली कैबिनेट प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि पासी समाज हमेशा से सामाजिक न्याय, संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों का वाहक रहा है तथा प्रदेश की राजनीति में उसकी अहम भूमिका रही है।अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के समय पासी समाज को बड़े-बड़े वादों और नारों के जरिए अपने पक्ष में करने का प्रयास करती है, लेकिन जब सत्ता में भागीदारी देने की बात आती है तो समाज की अनदेखी कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आबादी वाले इस समाज के जनप्रतिनिधियों को लगातार नजरअंदाज करना भाजपा की मंशा को उजागर करता है।पूर्व विधायक ने भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पार्टी को पासी समाज में कोई ऐसा योग्य व्यक्ति नहीं मिला जो कैबिनेट मंत्री बनने की क्षमता रखता हो। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली से अब समाज के लोग पूरी तरह अवगत हो चुके हैं और समाज में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पासी समाज भाजपा को इसका जवाब देगा और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय और सभी वर्गों को सम्मानजनक भागीदारी देने की पक्षधर रही है।पूर्व विधायक के इस बयान के बाद क्षेत्रीय राजनीतिक माहौल में चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए विभिन्न राजनीतिक दल अब सामाजिक समीकरणों को साधने में जुट गए हैं और ऐसे बयान चुनावी राजनीति में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
