निगोहां। लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में रविवार सुबह एक विवाहिता का शव घर की छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में बेटी के एडमिशन को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है।जानकारी के अनुसार भैरमपुर गांव निवासी 36 वर्षीय प्रिंसी वर्मा पत्नी आनंद कुमार वर्मा की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। दंपति की तीन वर्षीय बेटी पीहू उर्फ तन्नु है। परिजनों के मुताबिक शनिवार देर रात बेटी के स्कूल में एडमिशन को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हो गई थी। विवाद के बाद प्रिंसी नाराज होकर कमरे से निकल गई और छत पर चली गई।निगोहा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पति आनंद कुमार ने पत्नी के नाराज होकर छत के ऊपर जाने की जानकारी अपने साले सौरभ को फोन पर दी थी। सौरभ ने सुबह पहुंचकर समझाने की बात कही थी। परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी विवाद होने पर महिला छत पर जाकर बैठ जाती थी।रविवार सुबह काफी देर तक प्रिंसी नीचे नहीं आई तो पति आनंद छत पर पहुंचा, लेकिन सीढ़ी का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले विनीत ने दूसरी छत के रास्ते जाकर दरवाजा खोला। जब परिवार के लोग छत पर बने कमरे में पहुंचे तो प्रिंसी का शव साड़ी के सहारे छत में लगे हुक से लटका मिला। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। पति और देवर ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
