नगराम।लखनऊ,नगराम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा युवक को महज पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवक के सुरक्षित मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय संजय कुमार घर से बिना बताए कहीं चला गया था। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिवार के लोगों ने नगराम थाने पहुंचकर युवक के गुम होने की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर युवक की तलाश शुरू कराई।पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की और मोबाइल व अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक इंदिरा नहर स्थित इस्माईल नगर मंदिर के पास देखा गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक की पहचान संजय कुमार के रूप में करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया।थाने लाकर पूछताछ करने पर संजय कुमार ने बताया कि वह किसी बात से नाराज होकर घर से चला गया था। वह लखनऊ स्थित फिनिक्स प्लासियो मॉल घूमने चला गया था और जानबूझकर वापस नहीं लौटा। बाद में घर लौटते समय पुलिस ने उसे इंदिरा नहर के पास पकड़ लिया।इसके बाद पुलिस ने युवक को उसके पिता और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिवार वालों ने राहत की सांस ली और नगराम पुलिस का आभार जताया।इस संबंध में थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर युवक की तलाश शुरू कर दी गई थी। पुलिस की तत्परता और टीमवर्क के चलते युवक को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता पुलिस की प्राथमिकता है।
