मोहनलालगंज। लखनऊ, जनपद प्रयागराज के रहने वाले युवक ने मोहनलालगंज क्षेत्र के एक प्रॉपर्टी डीलर पर करीब पच्चीस लाख रुपये लेने के बाद भी प्लॉट की रजिस्ट्री न करने और पैसा वापस न देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत मोहनलालगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वही पुलिस ने पीड़ित के के द्वारा शिकायती पत्र के अनुसार मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।पीड़ित आकाश जायसवाल पुत्र स्वर्गीय ओम प्रकाश जायसवाल निवासी 125बी/1 चक दाउदनगर, काजीपुर रोड, नैनी, प्रयागराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में 256 वर्ग मीटर के दो प्लॉट खरीदने के लिए प्रॉपर्टी डीलर शिव प्रताप सिंह पुत्र गंगा प्रसाद सिंह निवासी पटेल नगर, निलमथा, लखनऊ से संपर्क किया था।आकाश जायसवाल के अनुसार जनवरी 2024 में अलग-अलग माध्यमों से आरोपी को 50 हजार रुपये, 4.50 लाख रुपये तथा 10 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए एडवांस के रूप में दिए गए। इसके अलावा 10 लाख रुपये नगद और 20 हजार रुपये बाउंड्री निर्माण के लिए यूपीआई के माध्यम से बीते 6 फरवरी 2024 को दिए गए। पीड़ित का कहना है कि कुल मिलाकर आरोपी को 25 लाख 20 हजार रुपये दिए जा चुके हैं।आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी आरोपी लगातार रजिस्ट्री करने में टालमटोल करता रहा। बीते करीब 23 महीनों से न तो प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसा वापस किया गया। पीड़ित का कहना है कि जब भी वह पैसा मांगता है तो आरोपी नई तारीख देकर टाल देता है और कई बार चेक भी दिए, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। अब आरोपी का मोबाइल फोन भी अधिकतर बंद जा रहा है और कभी-कभार स्वयं फोन ऑन कर बात करता है।पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह लगातार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो रहा है। मामले में उसने पुलिस से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। इसी आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
