पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी…..
मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के रायबरेली रोड स्थित राधा स्वामी आश्रम के पास प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपी पर अट्ठाइस लाख रुपये लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री करने और न ही रकम वापस करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने मोहनलालगंज पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। वही पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसारअम्बेडकरनगर जनपद के वेवाना थाना क्षेत्र के ग्राम अहलादे निवासी रवीन्द्र कुमार पुत्र हरीराम के अनुसार बीते वर्ष 2023 में उसकी बातचीत पटेल नगर निलमथा निवासी शिव प्रताप सिंह से हुई थी। आरोपी ने रायबरेली रोड स्थित राधा स्वामी आश्रम, पुरसैनी के पास स्थित जमीन को 1000 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से बेचने की बात कही। कुल 3025 वर्ग फुट जमीन का सौदा तय हुआ।पीड़ित के मुताबिक बीते 3 फरवरी 2023 को उसने अपने बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से आरटीजीएस के माध्यम से 4 लाख रुपये आरोपी के यूनियन बैंक मोहनलालगंज स्थित खाते में ट्रांसफर किए। इसके बाद बीते 4 फरवरी को अपने भाई के एसबीआई खाते से भी 4 लाख रुपये ट्रांसफर कराए। वहीं बीते 12 फरवरी 2023 को अपने चाचा के पंजाब नेशनल बैंक खाते से 10 लाख रुपये आरोपी के खाते में भेजे गए। इसके अलावा 10 लाख रुपये नगद अपने मित्र आदित्य निगम की मौजूदगी में आरोपी को दिए गए।पीड़ित का आरोप है कि कुल 28 लाख रुपये लेने के बाद आरोपी लगातार रजिस्ट्री कराने में टालमटोल करता रहा। काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री की गई और न ही रकम वापस की गई। आरोप है कि अब आरोपी फोन उठाना भी बंद कर चुका है, जिससे पीड़ित मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है।पीड़ित ने मामले को पुलिस से कार्रवाई करते हुए अपनी रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की ओर से प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
