केजीएमयू में घायल भाजपा नेता के समर्थकों का हंगामा……
चौकी से चंद कदम दूर भाजयुमो नेता को मारी गोली, पुरानी रंजिश और पोस्टर विवाद में चलीं गोलियां……
लखनऊ। राजधानी के बाजारखाला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब टिकैतराय तालाब पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बेखौफ दबंगों ने भाजयुमो नेता महाराज चेतन तिवारी उर्फ श्याम चेतन को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं घायल भाजपा नेता को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता के समर्थक बड़ी संख्या में केजीएमयू पहुंच गए और देर रात तक हंगामा करते रहे। समर्थकों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी। खबर लिखे जाने तक अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल मौजूद रहा। जानकारी के मुताबिक बाजार खाला के मेहंदीगंज निवासी सुरेश चंद्र तिवारी का बेटा श्याम चेतन तिवारी शनिवार रात अपने घर के सामने निर्माण कार्य करा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला वैभव बाजपेयी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। पोस्टर लगाने और पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने असलहा निकाल लिया और श्याम चेतन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली श्याम चेतन की कमर में जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।डायल-112 पर सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह, इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल चेतन को तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश और पोस्टर लगाने के विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है।निगोहां प्रेस क्लब का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा हाल जानने घटना की जानकारी मिलने पर निगोहां प्रेस क्लब के पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल भी केजीएमयू पहुंचा और घायल भाजपा नेता का हालचाल जाना। प्रतिनिधिमंडल में निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी एवं महामंत्री प्रदीप द्विवेदी की अगुवाई में कई पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकारों ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और पुलिस प्रशासन से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।घटना के बाद मेहंदीगंज इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में लगातार गश्त कर रही है।
