अमेठी। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहपुर-तिलोई मार्ग पर गड़रियन का पुरवा के पास सड़क किनारे एक युवक संदिग्ध हालत में घायल पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर युवक को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान इन्हौना के गुलाबगंज मजरे राजापुर निवासी सूरज यादव (25) पुत्र राजाराम यादव के रूप में हुई है। मौके पर युवक की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। परिजन पहले मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग पर अड़े रहे, जिससे अस्पताल परिसर में देर तक गहमागहमी बनी रही।सूचना पर पहुंचे सीओ दिनेश कुमार मिश्र ने परिजनों को समझाते हुए मामले की हर पहलू से जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
