लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल, जान से मारने की धमकी देने का आरोप…….
मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गदियाना गांव में मामूली विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि रंजिश मानने वाले दबंगों ने देर रात घर पहुंचकर सो रहे युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार गदियाना गांव के निवासी राजकुमार पुत्र नरपत के अनुसार बीते सोमवार को देर शाम गांव के ही विशाल पुत्र रामलखन, प्रदीप पुत्र रामचंदर व जयकरन पुत्र महेश का सुदामा पुत्र नरपत के दामाद से विवाद हो रहा था। विवाद उसके बंगले के पास हो रहा था, जिस पर राजकुमार ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन मंगलवार की रात करीब 12 बजे वह अपने बंगले पर सो रहा था, तभी आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उसे जमकर पीटा, जिससे उसके सिर, बाएं हाथ और बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले।घटना के बाद घायल राजकुमार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं गांव में घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
