बीच-बचाव करने पहुंचे परिजन, आरोपी मौके से फरार मुकदमा दर्ज…….
मोहनलालगंज। लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के हुलास खेड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी दाहिने हाथ की कलाई की हड्डी टूट गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत मोहनलालगंज कोतवाली में देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के हुलास खेड़ा गांव निवासी अमित कुमार पुत्र राचन्दर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही बजरंगी पुत्र प्यारे लाल तथा राहुल पुत्र बजरंगी उसके घर पहुंचे और पुरानी बातों को लेकर उसके पिता के साथ गाली-गलौज करने लगे।पीड़ित अमित कुमार के अनुसार जब उसने विरोध करते हुए गाली देने से मना किया तो दोनों आरोपी आक्रोशित हो गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं, वहीं दाहिने हाथ की कलाई की हड्डी भी टूट गई। शोरगुल सुनकर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
