प्रयागराज-रायबरेली हाईवे पर हादसा, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल…….
निगोहां। निगोहां थाना क्षेत्र के सुदौली मोड़ के पास गुरुवार को प्रयागराज-रायबरेली हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आए आवारा पशु से बाइक टकराने के कारण बाइक सवार दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भिजवाया।
जानकारी के अनुसार रंजीतखेड़ा कनकहा निवासी देशराज अपने साथी मनीष के साथ लालपुर क्षेत्र में मजदूरी करने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक सुदौली मोड़ के पास प्रयागराज-रायबरेली हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक एक आवारा पशु सड़क पर आ गया। बाइक चालक संभल पाता उससे पहले ही बाइक पशु से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मजदूर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एनएच एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सीएचसी मोहनलालगंज भेजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया है। उन्होंने लोगों से रात के समय हाईवे पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।गौरतलब है कि प्रयागराज-रायबरेली हाईवे पर आवारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन सड़क पर घूम रहे पशुओं के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर अब तक कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
