हरिकंशगढ़ी चौकी के पास हुए हादसे में गई जान मोहनलालगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर शुरू की कार्रवाई…….
मोहनलालगंज। लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता की अचानक मौत से बेटा इतना सदमे में था कि तत्काल पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज नहीं करवा सका। कुछ दिन बाद खुद को संभालने के बाद उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम स्थित बाबू खेड़ा की कान्हा नगर कॉलोनी निवासी सतेन्द्र यादव पुत्र स्वर्गीय वासुदेव यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता बीते सोमवार को मोटरसाइकिल संख्या यूपी 32 एलआर 3589 से किसी कार्य से मोहनलालगंज जा रहे थे। रास्ते में हरिकंशगढ़ी पुलिस चौकी के पास उनकी बाइक को लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रहे वाहन संख्या यूपी 33 बीटी 3279 ने टक्कर मार दी।जानकारी के अनुसार हादसे के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने मृतक के मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी कि उन्हें गंभीर हालत में एंबुलेंस से पीजीआई के ट्रामा सेंटर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पीड़ित सतेन्द्र यादव ने बताया कि पिता की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया था। सिर से पिता का साया उठने के कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थे और उसी सदमे में तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं करा सके। कुछ दिन बाद खुद को संभालने के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
