मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथ खेड़ा मजरा कोडरा रायपुर में मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रघुनाथ खेड़ा मजरा कोडरा रायपुर निवासी फूलचन्द्र पुत्र कालीचरन ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही रमेश पुत्र राम जियावन, संदीप पुत्र रमेश व रमेश की बहू ने उनकी बेटी पर मोबाइल चोरी का झूठा आरोप लगाया। पीड़ित के अनुसार आरोप पूरी तरह निराधार एवं असत्य है।पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार सुबह विपक्षीगण उनकी बेटी को लेकर भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचे तो विपक्षियों ने लाठी से उनके हाथ पर हमला कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान उनके बेटे का गला दबाकर उसके साथ भी मारपीट की गई।पीड़ित परिवार का आरोप है कि विपक्षीगण घर के अंदर घुस आए और पूरे परिवार के साथ मारपीट करते हुए दहशत फैलाने का प्रयास किया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
