मोहनलालगंज।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मरूई बाजार में बीते गुरुवार की शाम मामूली विवाद के दौरान एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही चार लोगों पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद घायल युवक के परिजनों ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।मिली जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के सिसेंडी निवासी मोहम्मद इस्लाम पुत्र मोहम्मद कासिम मरूई बाजार में दुकान लगाते हैं। पीड़ित के मुताबिक बीते गुरुवार की शाम करीब छह बजे उनका पुत्र अब्बास रजा दुकान पर पहुंचा और सब्जी खरीदने के लिए पैसे लेकर बाजार की ओर गया था। सब्जी खरीदने के बाद वह घर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ा था, तभी धनुवासांड गांव के निवासी लवकुश व अक्षय पुत्रगण रामलाल अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे।आरोप है कि विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडों से अब्बास रजा पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूसों और डंडों से जमकर पीटा। बाजार में मौजूद लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।परिजनों के अनुसार मारपीट में अब्बास रजा के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक का उपचार कराने के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
