निगोहां। निगोहां थाना क्षेत्र के कांटा करौदी गांव में शुक्रवार शाम एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 29 वर्षीय अमीषा यादव पुत्री देशराज निवासी ग्राम कांटा करौदी थाना निगोहां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अमीषा ने अपने घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजनों को शक हुआ। जब अंदर जाकर देखा गया तो अमीषा का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही निगोहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एसओ निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अमीषा ने करीब पांच वर्ष पूर्व हापुड़ निवासी विक्रांत से कोर्ट मैरिज की थी। विक्रांत भारतीय सेना में कार्यरत बताए जा रहे हैं। विवाह के बाद कुछ समय तक दोनों साथ रहे, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते अमीषा पिछले करीब तीन वर्षों से अपने मायके कांटा करौदी में रह रही थीं।ग्रामीणों के अनुसार पारिवारिक तनाव को लेकर वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
