मोहनलालगंज के बैलरिया खेड़ा के पास हुई वारदात, पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला, पुलिस ने बढ़ाई हत्या की धारा……
मोहनलालगंज। लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में आपसी पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बेलहियाखेड़ा गांव के पास घर लौट रहे युवक को रास्ता रोककर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत बिगड़ने पर ट्रॉमा सेंटर केजीएमयू रेफर किया गया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या की धारा बढ़ाते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।जानकारी के मुताबिक मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के गोपाल खेड़ा निवासी 40 वर्षीय जमुना प्रसाद पुत्र साहबदीन पावर ग्रिड खुजेहटा में कार्यरत थे। बीते शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे वह ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह बैलहिया खेड़ा गांव स्थित प्राइमरी स्कूल के पास नाले के निकट पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे विपक्षियों ने उन्हें रोक लिया।मृतक की पत्नी पप्पी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर नीरज पुत्र साहबदीन, हरदेश पुत्र साहबदीन, अरुण पुत्र नीरज, अनुज पुत्र नीरज, लवकुश पुत्र शिवबालक, शानू पुत्र रामकुमार, रोहित पुत्र नीरज का साला समेत तीन अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने एक राय होकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में जमुना प्रसाद के सिर, हाथ, पैर, पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व परिजनों ने घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए मोहनलालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहाँ हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर केजीएमयू रेफर कर दिया, जहां रविवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।इस मामले में मोहनलालगंज कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। युवक की मौत होने के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा की वृद्धि कर दी है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में मृतक के सगे भाई हरदेश पुत्र साहबदीन निवासी गौरियाखुर्द तथा चचेरे भाई लवकुश पुत्र शिवबालक निवासी गौरियाखुर्द को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी प्रतीत हो रही है। मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
