मोहनलालगंज इंडेन गैस सर्विस पर उपभोक्ताओं ने लगाए शोषण के आरोप, जांच व कार्रवाई की मांग…….
मोहनलालगंज।मोहनलालगंज कस्बे में स्थित मोहनलालगंज इंडेन गैस सर्विस द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग एवं आपूर्ति के नाम पर परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधन पर मनमानी करने, समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध न कराने तथा बिना डिलीवरी किए गैस बुकिंग निरस्त करने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।मीरकनगर निवासी उपभोक्ता रमेश चंद्र ने बताया कि उन्होंने 8 मई 2026 को घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी। इसके बाद 14 मई को उनके मोबाइल पर डीएससी नंबर प्राप्त हुआ। कई दिन बीत जाने के बाद भी गैस की डिलीवरी नहीं हुई। परेशान होकर उन्होंने 19 मई को दोपहर 1:39 बजे और शाम 6:49 बजे एजेंसी मैनेजर के मोबाइल नंबर 9415795677 पर संपर्क कर गैस उपलब्ध कराने की मांग की। आरोप है कि मैनेजर ने डिलीवरी मैन से संपर्क करने की बात कहकर जिम्मेदारी टाल दी।रमेश चंद्र का कहना है कि उसी दिन रात 8:31 बजे उनके मोबाइल पर गैस बुकिंग कैंसिल होने का मैसेज भेज दिया गया, जबकि उन्हें सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई थी। उपभोक्ता ने इसे एजेंसी की लापरवाही और ग्रामीण ग्राहकों के साथ अन्याय बताया।इसी तरह ग्राम सभा मीरकनगर निवासी धर्मेंद्र कुमार पटेल पुत्र स्वर्गीय शिवराज सिंह, उपभोक्ता संख्या 8901 ने भी एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। धर्मेंद्र कुमार के अनुसार उन्होंने 10 मई 2026 को गैस बुक कराई थी। 16 मई को डीएससी नंबर प्राप्त हुआ, लेकिन कई दिन बाद भी गैस की डिलीवरी नहीं हुई। आरोप है कि 20 मई की रात 9:24 बजे उनके मोबाइल पर भी बुकिंग कैंसिल होने का संदेश भेज दिया गया।ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी कर्मचारियों की कार्यशैली से क्षेत्र के लोग बेहद परेशान हैं। समय से गैस न मिलने के कारण घरों में खाना बनाने तक की समस्या उत्पन्न हो रही है। उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों एवं एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
