मोहनलालगंज तहसील प्रशासन से कार्रवाई की मांग, दबंगों पर धमकाने का भी आरोप…….
मोहनलालगंज। लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम कीर्ति खेड़ा में सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जे और प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज, तहसील प्रशासन और अन्य उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि भूमाफिया और दबंग प्रवृत्ति के लोगों द्वारा चरागाह व अन्य सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर दुकानें, मकान और टीनशेड बनाकर अवैध रूप से खरीद-फरोख्त की जा रही है।ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार ग्राम की सार्वजनिक चरागाह गाटा संख्या 2151 रकबा 3.4400 तथा चमड़ा निकालने के लिए आरक्षित खसरा संख्या 2053 रकबा 0.2020 भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। आरोप है कि उक्त भूमि पर कब्जा करने के बाद उसे निजी संपत्ति बताकर प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कर दुकानें बनाई गई हैं और उन्हें किराये पर भी दिया जा रहा है।शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भूमाफिया द्वारा सरकारी भूमि की प्लाटिंग कर उसे बेचने का काम लंबे समय से किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ राजस्व कर्मचारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल संचालित हो रहा है, जिसके कारण अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है। विरोध करने वाले लोगों को जान से मारने तक की धमकी दी जाती है। इससे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि दबंगों की प्रशासनिक और पुलिस स्तर तक पहुंच होने के कारण लोग खुलकर विरोध करने से भी डर रहे हैं।मामले को लेकर गांव के लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध कब्जा हटवाने और सरकारी भूमि को मुक्त कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।वहीं, इस संबंध में तहसील प्रशासन का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
