लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में हुई अनुज कुमार यादव की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर ग्रामीणों और समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। रविवार को गांव बल सिंह खेड़ा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोग जुटे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
श्रद्धांजलि सभा में विश्व यादव परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश कुमार यादव पहुंचे और उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत अनुज कुमार यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे समाज के सम्मान और न्याय से जुड़ा मामला है।सभा के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। ग्रामीणों और समाज के लोगों ने घटना को लेकर रोष जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। लोगों का कहना था कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी तब तक संघर्ष जारी रहेगा।विश्व यादव परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश कुमार यादव ने कहा कि संगठन इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि परिषद की लीगल टीम मामले को कोर्ट तक लेकर जाएगी तथा पीड़ित परिवार की ओर से मुकदमा पूरी मजबूती के साथ निःशुल्क लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर परिवार के साथ अन्याय हुआ तो संगठन सड़क से लेकर अदालत तक आंदोलन करेगा। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले समय में हर स्तर पर जवाब दिया जाएगा।
मृतक अनुज कुमार यादव के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा।
