मोहनलालगंज। लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में मिट्टी खनन को लेकर हुआ विवाद रविवार को क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। सोशल मीडिया पर डम्फर लूट का मैसेज वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस जांच में मामला खनन कार्य के दौरान हुए विवाद, मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का सामने आया है।मऊ गांव निवासी राजवीर सिंह पुत्र शत्रुघ्न सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शनिवार दोपहर सुल्सामऊ गांव स्थित गाटा संख्या 806 में आवाज ब्रिक इंडस्ट्रीज के लिए मिट्टी खनन का कार्य करा रहे थे। उन्होंने बताया कि मिट्टी आवाज ब्रिक इंडस्ट्रीज, ग्राम बरौना तहसील सरोजनीनगर स्थित ईंट भट्ठे पर भेजी जा रही थी, जिसकी खनन अनुमति 30 सितंबर 2026 तक वैध है। पीड़ित राजवीर सिंह के अनुसार मिट्टी ढुलाई के लिए उन्होंने किराये पर डम्फर वाहन संख्या UP32SN0111 लगाया था, जिसका मालिक मधुर इंटरप्राइजेज के विनोद कुमार यादव निवासी बहादुरखेड़ा परवर पूरब थाना बिजनौर बताया गया है।आरोप है कि शनिवार दोपहर शक्ति सिंह पुत्र पूत सिंह, उसका भाई तथा करीब 8 से 10 अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और बिना किसी बात के राजवीर सिंह व डम्फर चालक कपिल देव के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि क्षेत्र में गाड़ी नहीं चलने देंगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से डम्फर का शीशा और मडगार्ड तोड़ दिया।पीड़ित का आरोप है कि आरोपी डम्फर को जबरन अपने कब्जे में लेकर पास स्थित चौपाई चौकी पर खड़ा कर चले गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।वहीं मोहनलालगंज इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।इधर सोशल मीडिया पर डम्फर लूट का मैसेज तेजी से वायरल होने लगा, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि आरोपी पक्ष के शक्ति सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि रोहित सिंह द्वारा मिट्टी खनन के लाखों रुपये कई लोगों पर बकाया हैं, इसी को लेकर विवाद हुआ था। सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही लूट की घटना पूरी तरह झूठी और भ्रामक है।
