मोहनलालगंज। मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी बाजार स्थित प्राचीन हनुमान जी मंदिर परिसर में रविवार को अधिक मास के पावन अवसर पर विशाल भंडारे एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिसेंडी सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बजरंगबली के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा तथा जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।रविवार सुबह कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ श्री सुंदरकांड पाठ से हुई। सुंदरकांड पाठ में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान हनुमान की आराधना की। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना की प्रार्थना की।
सुंदरकांड पाठ के उपरांत श्रद्धालुओं को चना प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा शीतल शरबत की व्यवस्था की गई, जिसका श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया। सायंकाल विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें छोला-चावल प्रसाद का वितरण देर शाम तक चलता रहा। भंडारे में महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की भारी भीड़ देखने को मिली।मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। धार्मिक भजनों और हनुमान चालीसा के पाठ से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने पूरे दिन श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग किया और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा।ग्रामीणों ने बताया कि अधिक मास के अवसर पर हर वर्ष मंदिर में धार्मिक आयोजन एवं भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन सफल एवं श्रद्धामय माहौल में संपन्न हुआ।
