मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज के गौरा स्थित गौरा रिजॉर्ट में भारतीय जनता पार्टी लखनऊ जिला द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मुख्य आतिथ्य में समापन हुआ। इसी अवसर पर मोहनलालगंज ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला की पहल पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बत्तीस विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।समापन से पूर्व अभियान के नौवें सत्र को क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा तथा दसवें सत्र को प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों की जानकारी दी। समापन सत्र की अध्यक्षता भी कमलेश मिश्रा ने की।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की मूल इकाई हैं और संगठन सरकार से भी बड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उपमुख्यमंत्री के समान महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं की तुलना प्रभु श्रीहनुमान से करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं के भीतर निहित शक्ति को जागृत किया जाता है और इसी ऊर्जा के बल पर सरकारें बनती हैं।उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि उनके परिश्रम और समर्पण के बल पर भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में वर्ष 2017 से भी अधिक सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मोहनलालगंज ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला द्वारा केंद्रीय वित्त आयोग एवं पंचम वित्त योजना के तहत कराए गए 32 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, इंटरलॉकिंग सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसानों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला की सराहना करते हुए कहा कि वे एक कुशल संगठनकर्ता और योग्य प्रशासक हैं, जो मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ग्रामोन्मुखी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोहनलालगंज क्षेत्र में विकास कार्यों की गति सराहनीय है और इससे ग्रामीण जनता का जीवन स्तर बेहतर होगा।
ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कराए जा रहे हैं।कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष विजय कुमार मौर्य ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया, जबकि संचालन राजकुमार पटेल ने किया। जिला मीडिया प्रभारी चिंता मणि पांडेय ने बताया कि समारोह में प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, विधायक योगेश शुक्ला, जय देवी कौशल, अमरेश रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष राम निवास यादव, विनय प्रताप सिंह, विकास सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रतिभा वर्मा, के.के. अवस्थी, अरविंद यादव, हंसराज रावत, जिला महामंत्री अंकित गुप्ता, धीरू पांडेय, गौरव सिंह चौहान, जिला मंत्री प्रतिमा सिंह, विवेक सिंह, राजू कश्यप, जिला कोषाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी, जिला कार्यालय मंत्री रवि राज लोधी, रवि द्विवेदी, अजित यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के बाद क्षेत्रीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं के संचालन से क्षेत्र में विकास को और मजबूती मिलेगी।
