एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह बोले- कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई……..
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में जिलाबदर घोषित दो अपराधियों को चोरी-छिपे अपने घर आने की सूचना पर पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्तों पर गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्रवाई पहले से लागू थी, बावजूद इसके बिना अनुमति जनपद की सीमा में प्रवेश करने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक बुधवार और गुरुवार की रात मोहनलालगंज पुलिस टीम कनकहा मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फत्तेखेड़ा निवासी मोहित कुमार और सारिख खान उर्फ शारिक, जो वर्तमान में जिलाबदर चल रहे हैं, चोरी-छिपे अपने घर आए हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल गांव पहुंची और मोहित कुमार के घर के बाहर दोनों को पकड़ लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहित कुमार पुत्र स्वर्गीय जगजीवनराम निवासी फत्तेखेड़ा तथा सारिख खान पुत्र संजय खान शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में सारिख खान ने बताया कि वह बकरीद का त्योहार मनाने के लिए घर आया था, जबकि मोहित कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी से मिलने पहुंचा था। हालांकि दोनों किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति नहीं दिखा सके।पुलिस ने बताया कि मोहित कुमार के विरुद्ध संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था लखनऊ न्यायालय से बीते 17 दिसंबर 2025 से छह माह के लिए जिला निकासन आदेश जारी किया गया था। वहीं सारिख खान के खिलाफ बीते 13 मई 2026 से छह माह के लिए जिलाबदर की कार्रवाई लागू थी। इसके बावजूद दोनों द्वारा आदेश का उल्लंघन कर जनपद में प्रवेश करना उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 10 के अंतर्गत दंडनीय अपराध पाया गया।मोहनलालगंज पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।अभियुक्त सारिख खान के विरुद्ध मारपीट, धमकी, लूट, एससी-एसटी एक्ट, आईटी एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहित कुमार पर भी मारपीट, आगजनी, बलवा और धमकी जैसे गंभीर मामलों के मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।एसीपी मोहनलालगंज ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि जिलाबदर अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने या न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चला रहा है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक निमेष दूबे, उपनिरीक्षक मंगल यादव और कांस्टेबल चंद्रमौली यादव शामिल रहे।
