तिलोई/अमेठी। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जायस कोतवाली में तैनात एक सिपाही को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी के मौके से फरार होने की भी चर्चा है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार कस्बा जायस के मोहल्ला कँचाना निवासी गुलजार अहमद के खिलाफ पंजाब नेशनल बैंक की ओर से परिसर में तोड़फोड़ और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई थी। आरोप है कि मामले में राहत दिलाने के नाम पर कोतवाली में तैनात सिपाही चंदन कन्नौजिया ने गुलजार अहमद से 9 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।रिश्वत की मांग से परेशान होकर गुलजार अहमद ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जगदीशपुर मोड़ स्थित स्लॉटर हाउस के पास जैसे ही शिकायतकर्ता ने सिपाही को 9 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी सिपाही को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं आम लोगों में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
