मोहनलालगंज। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मीनापुर गांव में घूरा डालने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार मीनापुर गाँव निवासी राम नरायन पुत्र महाबीर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही जीवन पुत्र बंशीलाल उनकी भूमि पर जबरन दबंगई के बल पर अपना घूरा डाल रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हैं।
पीड़ित के अनुसार इससे पूर्व भी इस संबंध में सिसेंडी चौकी प्रभारी को शिकायती पत्र दिया गया था, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और आरोपी पक्ष को घूरा डालने से मना किया था। इसके बावजूद बीते गुरुवार को आरोपी पुनः कथित रूप से पीड़ित की भूमि पर घूरा डालने लगे। मना करने पर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के साथ धमकियां दी गईं।मामले को गंभीरता से लेते हुए मोहनलालगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
