मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के भसंडा गांव में देर रात पशु चोरी की एक बड़ी वारदात उस समय टल गई जब पशु मालिक की सतर्कता के चलते कथित चोर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में पशुपालकों के बीच दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार भसंडा गांव स्थित यादव ढाबा एवं आटा मिल के सामने बंधे पशुओं को चोरी करने के इरादे से देर रात एक डाला वाहन पहुंचा। आरोप है कि बहादुरखेड़ा निवासी अर्पित यादव अपने कुछ साथियों के साथ वाहन लेकर मौके पर आया और पशुओं को वाहन में लादने की तैयारी करने लगा। बताया जा रहा है कि रात करीब 2:40 बजे आरोपी पशुओं को खोलकर वाहन तक ले जाने का प्रयास कर रहे थे।इसी दौरान ढाबा संचालक एवं पशु मालिक कैलाश नाथ यादव की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग भी जाग गए। ग्रामीणों के जागने और पकड़ जाने के डर से आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गए। हालांकि पीड़ित का कहना है कि उसने अर्पित यादव को पहचान लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।घटना के बाद पीड़ित ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे पशुपालकों में चिंता का माहौल है।प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
