मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी मजरा हरीखेड़ा गांव में पुरानी रंजिश ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहले पक्ष के जितेंद्र कुमार पुत्र रामनरेश ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के रहने वाले राम सिंह, राम निवास, पिंटू, शुभम, सुधीर, रोहित, मोहित, राम प्रताप, रामजीत, बाबूलाल और इंद्रपाल समेत कई लोग लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से लैस होकर उनके घर पर आ धमके। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके चाचा रामविलास के सिर पर वार कर दिया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर हमलावर मौके से भाग निकले।वहीं दूसरे पक्ष के रामसिंह पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह गांव की दुकान पर सामान लेने गए थे। इसी दौरान जितेंद्र, अजय पाल, यशपाल, रामविलास और अशोक कुमार ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि उन्हें जबरन घर के अंदर खींचकर भी पीटा गया।रामसिंह के अनुसार शोर सुनकर बचाने पहुंचे उनके भाई तथा गर्भवती पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। गर्भवती महिला के पेट में चोट लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
घटना के बाद दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के साथ ही मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।इंस्पेक्टर मोहनलालगंज बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।गांव में हुई इस घटना के बाद कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
