निगोहां। निगोहां क्षेत्र के एक गांव में मंदिर दर्शन की बात कहकर निकली विवाहिता का प्रेमी संग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से 9 साल का वैवाहिक रिश्ता टूट गया। दो वर्षीय मासूम बेटी अब मां के साथ मायके में है। मामला कोर्ट तक पहुंचने की चर्चा है।
पीड़ित पति के मुताबिक 8 जून को उसकी पत्नी रिश्तेदारों संग राजस्थान मेंहदीपुर बालाजी दर्शन के लिए घर से निकली थी। इसी बीच विवाहिता का कथित प्रेमी के साथ एक वीडियो उसकी फेसबुक आईडी पर अपलोड हो गया। वीडियो देखकर पति और परिजनों के होश उड़ गए। पति बुधवार को निगोहां थाने पहुंचा और शिकायत दी।
मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया। थाने में घंटों मैराथन पंचायत चली और समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन पति पत्नी के साथ रहने को तैयार नहीं हुआ। सहमति न बनने पर महिला दो वर्षीय बेटी को लेकर मायके चली गई।
निगोहां एसआई अनूप तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई थी। आपसी सहमति न बनने पर वे अपने-अपने घर लौट गए। अब दोनों पक्ष कोर्ट के जरिए कानूनी तलाक लेने की तैयारी में हैं। भविष्य में लिखित शिकायत मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
