निगोहां, लखनऊ। निगोहां गाँव में हुई लाखों रुपये के जेवरात की चोरी के मामले में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी किए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शक के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार इन युवकों को छुड़ाने के लिए क्षेत्र के कुछ रसूखदार लोगों ने भी प्रयास किए, लेकिन पुलिस ने किसी की सिफारिश नहीं मानी और पूछताछ जारी रखी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रफीकुन निशां पत्नी शमीम, निवासी निगोहां ने थाने में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि बीते रविवार की रात अज्ञात चोर घर के पीछे से अंदर घुस आए और कमरे में रखे बक्से व बैग से सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने का हार, नथुनी, झुमकी, मांग टीका, अंगूठियां, जंजीर, झाला, टॉप्स, हथफूल, बच्चों के आभूषण, पायल और बिछिया समेत अन्य कीमती जेवर शामिल हैं।घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच करते हुए संदिग्ध गतिविधियों और स्थानीय इनपुट के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया है।सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों को छुड़ाने के लिए क्षेत्र के कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा पुलिस पर दबाव बनाने और पैरवी करने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट रूप से जांच को प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार के दबाव को स्वीकार नहीं किया।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में तीन संदिग्ध युवकों से लगातार पूछताछ की जा रही है और कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरी गए जेवरात बरामद किए जाने की उम्मीद है।
चोरी की इस वारदात के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस की सख्ती और दबाव के बावजूद संदिग्धों से जारी पूछताछ को लेकर लोगों में यह उम्मीद जगी है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।
