डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ के नेतृत्व में आयोजित सहायक उपकरण वितरण शिविर में उमड़ी जरूरतमंदों की भीड़…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग बच्चों के जीवन को सुगम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए कालेवीर बाबा मंदिर परिसर में दो दिवसीय विशाल सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के प्रथम दिवस लगभग 280 दिव्यांग एवं वृद्धजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र के सदस्य विधान परिषद इंजी. अवनीश कुमार सिंह एवं भाजपा जिला महामंत्री धीरेन्द्र पाण्डेय ‘धीरू’ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।ट्रस्ट के मुखिया एवं समाजसेवी डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा विकास खंड मोहनलालगंज की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष सर्वे अभियान चलाकर जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों की पहचान कर उनका पंजीकरण कराया गया था। इसी प्रक्रिया के आधार पर पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल उपकरण वितरित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान करना है।डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ ने बताया कि शिविर में लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, वॉकर, छड़ी, कमर बेल्ट, सर्वाइकल कॉलर, नी-ब्रेस सहित विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रथम दिवस में 11 ट्राईसाइकिल, 5 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल सहित बड़ी संख्या में अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे दिव्यांग एवं वृद्धजन अपने दैनिक कार्यों को अधिक सहजता से कर सकेंगे।कार्यक्रम प्रभारी एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने बताया कि ट्रस्ट का लक्ष्य समाज के कमजोर, असहाय और जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र से श्री श्याम मोहन शुक्ला, श्रीकांत एवं लिपू दलाई ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि, सभासद, समाजसेवी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि इन उपकरणों से उनके जीवन को नई गति और सहारा मिलेगा तथा दैनिक गतिविधियों को करने में आने वाली कठिनाइयां काफी हद तक कम होंगी।क्षेत्र में जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की जा रही है। विशेष रूप से ट्रस्ट के मुखिया डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ के नेतृत्व में चलाए जा रहे सेवा एवं जनकल्याण के अभियान जरूरतमंद लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आ रहे हैं।
