मोहनलालगंज, लखनऊ। जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट एवं प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं दिव्यांग बच्चों के कल्याण हेतु आयोजित दो दिवसीय विशेष सहायक उपकरण वितरण शिविर का समापन गुरुवार को मोहनलालगंज कस्बे में स्थित कालेवीर बाबा मंदिर परिसर में हुआ। शिविर के दौरान चार सौ से अधिक जरूरतमंद दिव्यांग एवं वृद्धजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में सहायक पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख मोहनलालगंज ओम प्रकाश शुक्ला तथा ब्लॉक प्रमुख गोसाईगंज विनय वर्मा ‘डिंपल’ उपस्थित रहे। अतिथियों ने लाभार्थियों को ट्राई साइकिल, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, सर्वाइकल कॉलर, कमर बेल्ट, छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ ने बताया कि शिविर से पूर्व ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने विकास खंड मोहनलालगंज की विभिन्न ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर दिव्यांग एवं वृद्धजनों का सर्वेक्षण किया था। इसके बाद पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उनकी जरूरतों के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करना है।कार्यक्रम प्रभारी एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि ऐसे सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए संबल का कार्य करते हैं। इससे जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का भाव विकसित होता है। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के प्रयास लगातार किए जाने चाहिए।शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को ट्रस्ट की ओर से प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने स्वयंसेवकों के सेवा भाव की सराहना करते हुए उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।कार्यक्रम में दोनों दिनों बड़ी संख्या में समाजसेवी, पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र की ओर से श्याम मोहन शुक्ला, श्रीकांत, लिपू दलाई सहित कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।दो दिवसीय यह शिविर सामाजिक सेवा, मानवता और जनकल्याण के प्रति जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। शिविर से लाभान्वित हुए सैकड़ों दिव्यांग एवं वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया, जिससे आयोजन का उद्देश्य सार्थक होता नजर आया।
