नगराम। नगराम थाना क्षेत्र के अनैया खरगापुर में शुक्रवार दोपहर एक छप्परनुमा घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो भैंस और एक गाय का बछड़ा जलकर मर गया, जबकि ग्रामीणों की सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:29 बजे फायर कंट्रोल रूम, गोसाईंगंज को सूचना मिली कि नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम अनाया खरगापुर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गोसाईंगंज फायर यूनिट के साथ मौके के लिए रवाना हुए।घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि गांव निवासी रामचरन पुत्र राम चैतराम का छप्परनुमा मकान आग की चपेट में आ गया था। आग की चपेट में आने से दो भैंस और एक गाय का बछड़ा जलकर मर गया। हालांकि फायर यूनिट के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया था, जिससे आग आसपास के अन्य घरों तक नहीं फैल सकी।अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
