मोहनलालगंज।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती द्वारा दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाए जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कई दिनों तक मुकदमा दर्ज न किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता और उसके परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद वह लगातार कोतवाली के चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिस मामले को संदिग्ध बताकर कार्रवाई से बचती रही। बाद में पत्रकारों का संघठन निगोहा प्रेस क्लब के हस्तक्षेप और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते दो जून की सुबह करीब 10 बजे वह अपने पिता के साथ घर से निकली थी। रास्ते में बैरी मंगटईया निवासी सूरज कुमार मिला, जिसे उसके पिता पहले से जानते थे। पिता के कहने पर वह सूरज की मोटरसाइकिल पर बैठकर मोहनलालगंज जाने के लिए रवाना हुई। आरोप है कि आरोपी उसे मोहनलालगंज ले जाने के बजाय सैय्यद पीर बाबा मोड़ से दूसरी दिशा में कच्चे रास्ते पर करीब 300 मीटर अंदर ले गया।पीड़िता का आरोप है कि सुनसान स्थान पर ले जाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर वह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना से अवगत कराया।पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद वह कई दिनों तक मोहनलालगंज कोतवाली के चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उसे संदिग्ध बताकर मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली करती रही। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी व्याप्त थी।जानकारी के मुताबिक इस मामले को लेकर। पत्रकारों का सक्रिय संगठन निगोहा प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने भी हस्तक्षेप करते हुए पीड़िता की शिकायत को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले में जवाब-तलब और फटकार लगाए जाने के बाद गुरुवार देर रात मोहनलालगंज पुलिस ने आरोपी सूरज कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
