निगोहां। लखनऊ,निगोहां थाना क्षेत्र में घर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज चौबीस घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गए सोने व चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस द्वारा दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।थाना प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि निगोहां गाँव निवासी रफीकुन निशा बीते 13 जून को परिवार के साथ देवा शरीफ दर्शन के लिए गई थीं। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरे में रखे बक्से का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं। पीड़िता की तहरीर पर बीते बुधवार को निगोहां थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर निगोहां-अहिनवार मार्ग स्थित महुवारी बाग के पास से 20 वर्षीय फरीद पुत्र लतीफ तथा 21वर्षीय शानू पुत्र शब्बीर, दोनों निवासी निगोहां को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि उन्हें पहले से जानकारी थी कि शमीम का घर खाली है और परिवार बाहर गया हुआ है। इसी का फायदा उठाते हुए दोनों पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस गए और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे आभूषण चोरी कर लिए। चोरी के बाद उन्होंने जेवरों को महुवारी बाग स्थित एक पुराने खंडहर में छिपा दिया था। दोनों चोरी का माल बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पीली धातु का हार, झुमकी, अंगूठी, नाक कील, मांगटीका समेत अन्य आभूषण तथा सफेद धातु की पायल, हथफूल और बिछिया बरामद की है। मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट की अपराध नियंत्रण नीति के तहत प्रत्येक घटना के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार सक्रिय है।तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी गए अधिकांश आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनूप तिवारी, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, कांस्टेबल चंदन यादव, कांस्टेबल मोहित सैनी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में सख्त संदेश गया है।
