मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज कस्बा क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति, जेठ, ससुर और ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पीड़िता के अनुसार उसका विवाह बीते 15 दिसंबर 2021 को औरैया जनपद निवासी स्वदेश अवस्थी पुत्र केतार नाथ अवस्थी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से लखनऊ में संपन्न हुआ था। विवाह के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो पति, जेठ, ससुर और ननद कम दहेज लाने का ताना देकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी, जिससे उसका जीवन कष्टमय हो गया।विवाहिता का आरोप है कि पति के घर पर न रहने के दौरान दोनों जेठ उस पर गलत नजर रखते थे और उसके साथ छेड़छाड़ करते थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पीड़िता ने बताया कि उसके दो पुत्र हैं। जब उसने पति से शिकायत की तो पति बड़े पुत्र रुद्राक्ष अवस्थी को साथ लेकर मोहनलालगंज कस्बे में अलग कमरा लेकर रहने लगा, लेकिन इसके बावजूद ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आवास पर रहने वाले जेठ उसके साथ अभद्रता और मारपीट करते रहे।लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत की। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत अन्य नामजद ससुरालीजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
