मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज कस्बे में रायबरेली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की रात करीब आठ बजे नवजीवन इंटर कॉलेज के पास कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए ट्रॉमा सेंटर-2 रेफर कर दिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार बरियार खेड़ा, जबरौली निवासी सर्वेश (30) पुत्र कल्लू अपनी बाइक संख्या यूपी-32 एमडी-3165 से मोहनलालगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवजीवन इंटर कॉलेज के पास सामने से आ रही कार संख्या यूपी-32 ईए-0019 से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सर्वेश को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर-2 लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल कार चालक को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस की तत्परता से यातायात को सुचारु करा दिया गया।मोहनलालगंज कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। दूसरे वाहन के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
