लखनऊ:
मोहनलालगंज। सिसेंडी चौकी क्षेत्र के मनोहारा गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव हाई टेंशन बिजली लाइन के खंभे पर बेल्ट के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, मनोहारा गांव निवासी अंकुश (20) का शव गांव के बाहर स्थित हाई टेंशन बिजली लाइन के खंभे पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर खंभे पर लटके शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिसेंडी चौकी और मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक ने खंभे पर चढ़कर बेल्ट के सहारे फांसी लगाई है। हालांकि, घटना की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक के पिता ने भी कुछ समय पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पिता की मौत के बाद से परिवार मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग युवक की असामयिक मौत से स्तब्ध हैं।ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ
