मोहनलालगंज विकास खंड कार्यालय में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के प्रचार-प्रसार पर उठे सवाल…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 24 एवं 25 जून को विकास खंड परिसर मोहनलालगंज में स्वरोजगार पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। हालांकि, शिविर के प्रचार-प्रसार को लेकर क्षेत्र में सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अभियान की जानकारी ग्रामीण स्तर तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच सकी, जिससे अनेक बेरोजगार युवा योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए।
बताया जा रहा है कि विकास खंड कार्यालय की ओर से ग्राम पंचायत सचिवों एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को पत्र जारी कर शिविर के आयोजन की सूचना दी गई, लेकिन कई ग्राम प्रधानों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में पूर्व सूचना नहीं दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाता तो अधिक संख्या में युवा शिविर में पहुंचकर पंजीकरण करा सकते थे।
इधर, इस मामले में खंड विकास अधिकारी मोहनलालगंज शिव कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत आयोजित शिविर की सूचना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सचिवों, ब्लॉक मिशन प्रबंधकों तथा अन्य माध्यमों से योजना का प्रचार-प्रसार कराया गया और अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर सूचना का प्रसार अपेक्षित रूप से नहीं हो पाया है तो उसकी समीक्षा की जाएगी।
फिलहाल, क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का प्रचार-प्रसार जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंच पाया या फिर यह कवायद केवल पत्राचार और कागजी प्रक्रिया तक ही सीमित रह गई। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है, जब उनकी जानकारी अंतिम व्यक्ति तक समय रहते पहुंचे।
