मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मनोहरापुर में बुधवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में स्थित हाईटेंशन लाइन के खंभे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार मनोहरापुर निवासी 20 वर्षीय अंकुश पुत्र स्वर्गीय लालता प्रसाद का शव बुधवार सुबह करीब छह बजे खेत में लगे हाईटेंशन लाइन के खंभे से फंदे के सहारे लटकता मिला। शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर सिसेंडी चौकी प्रभारी अनूप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया। पुलिस मृतक के परिजनों एवं अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है, हालांकि अभी तक कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने नहीं आ सकी है।मोहनलालगंज कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहनता एवं निष्पक्षता से जांच की जा रही है। परिवारजनों से भी पूछताछ की जा रही है, फिलहाल कोई महत्वपूर्ण तथ्य सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
