नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह कस्बे के बाहर स्थित एक आम की बाग में एक युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बाग में पशु चराने गए चरवाहों ने शव लटकता देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नगराम विवेक कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।पुलिस की छानबीन में मृतक की पहचान 27 वर्षीय वसंत पुत्र जगदीश निवासी ग्राम छन्दरौली, थाना लोनीकटरा, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई। बताया गया कि वसंत की शादी नगराम निवासी कल्लू पुत्र स्वर्गीय मिश्रीलाल की पुत्री शालिनी से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा बादल 4 वर्ष और छोटा बेटा दिव्यम डेढ़ वर्ष का है।परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते शालिनी पिछले करीब एक माह से अपने मायके नगराम में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वसंत बुधवार शाम अपनी ससुराल पहुंचा था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि वह शाम के समय शराब के नशे में था। गुरुवार सुबह कस्बे से बाहर स्थित आम की बाग में उसका शव पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे लटकता मिला।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।थाना प्रभारी नगराम विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि आम की बाग में एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला था। मृतक की पहचान वसंत पुत्र जगदीश निवासी छन्दरौली, थाना लोनीकटरा, बाराबंकी के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। नियमानुसार पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
