मोहनलालगंज, लखनऊ। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को प्राथमिकता देते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने कल्ली पश्चिम स्थित जोन कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर अपराध, मारपीट, धोखाधड़ी समेत कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों को पुलिस उपायुक्त के समक्ष रखा।डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए तथा पीड़ित पक्ष को की गई कार्रवाई की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने कहा जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान हमारी प्राथमिकता है। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए नियमित जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी पीड़ित को न्याय से वंचित नहीं होने दिया।जाएगा।जनसुनवाई के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। फरियादियों ने अपनी समस्याओं को सीधे वरिष्ठ अधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस प्रकार की जनसुनवाई से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे मामलों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद बढ़ती है।
