मोहनलालगंज के गौरा कॉलोनी रेलवे फाटक के आगे ट्रेन से कटने की आशंका, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात अधेड़ का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे रेलवे विभाग की ओर से मोहनलालगंज पुलिस को मेमो के माध्यम से सूचना दी गई कि गौरा कॉलोनी रेलवे फाटक के आगे रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि करीब 55 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव रेलवे लाइन के किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा हुआ था।पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र भी बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए अज्ञात शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।मोहनलालगंज कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे विभाग से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। लगभग 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक के किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है तथा सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से भी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। फिलहाल घटना की जांच जारी है।
