निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के हरिवंश खेड़ा नर्सरी के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार अमूल दूध पिकअप की लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा होते-होते बच गया। दुर्घटना में सड़क किनारे खड़ी एक वेगनआर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठी एक मासूम बच्ची घायल हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ की ओर से आ रही अमूल दूध पिकअप संख्या UP 32 BT 5648 तेज गति से चल रही थी। हरिवंश खेड़ा नर्सरी के पास सड़क किनारे खड़ी वेगनआर कार संख्या UP 32 LT 4295 में उसने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक हादसे के समय कार में एक मासूम बच्ची बैठी हुई थी। टक्कर लगने से बच्ची घायल हो गई। वहीं बच्ची के पिता दीपक वर्मा और उसकी मां कार से कुछ दूरी पर सड़क किनारे आम खरीद रहे थे। यदि दोनों उस समय कार में मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार तथा पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन काफी तेज गति से चल रहा था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।थाना प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
