मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के हुलास खेड़ा गांव में आबादी की भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद के मामले में सोशल मीडिया पर खबर प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हुलास खेड़ा गांव निवासी मिथिलेश पत्नी स्वर्गीय बैकुण्ठ ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने करीब 20 वर्ष पूर्व गांव के ही सोहन पुत्र शत्रोहन से आबादी की भूमि क्रय की थी। उक्त भूमि पर उनका पिछले लगभग दो दशकों से कब्जा एवं दखल है। पीड़िता के अनुसार बीते बुधवार को वह अपनी क्रयशुदा भूमि पर निर्माण कार्य करा रही थीं, तभी गांव के ही चक्रधर साहू, रामसनेही पुत्रगण शेखर साहू, अनूप साहू पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र साहू, गोलू व अमृतलाल पुत्रगण स्वर्गीय बैकुण्ठ, संगीता साहू पत्नी चक्रधर साहू, वीरमती पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र तथा सुलेखा पत्नी अमृतलाल समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।पीड़िता का आरोप है कि सभी लोग एकराय होकर निर्माण कार्य रुकवाने लगे और भूमि पर निर्माण न करने की बात कहने लगे। विरोध करने पर आरोपी पक्ष कथित रूप से आगबबूला हो गया और लाठी-डंडों से लैस होकर मारपीट करने लगा। इस दौरान निर्माणाधीन लगभग पांच फीट ऊंची दीवार को भी गिरा दिया गया।मिथिलेश ने आरोप लगाया कि मौके पर खड़े उनके चार पहिया डाला वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया। आरोपियों ने वाहन के शीशे तोड़ दिए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
सूत्रों के अनुसार मामला सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यमों में प्रमुखता से सामने आने के बाद पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लिया। इसके बाद मोहनलालगंज पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। वही मोहनलालगंज कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। भूमि संबंधी अभिलेखों समेत सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
