हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बनी निगोहां, जगह-जगह लगीं सबीलें, पुलिस रही मुस्तैद…….
मोहनलालगंज।लखनऊ, निगोहां क्षेत्र में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, श्रद्धा और आपसी भाईचारे के माहौल में मनाया गया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विभिन्न मोहल्लों से ताजिया जुलूस निकाले गए, जो अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए देर शाम कर्बला पहुंचे। जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।सुबह से ही क्षेत्र की मस्जिदों और इमामबाड़ों में मजलिसों का दौर शुरू हो गया था। दोपहर बाद सरैया टोला, काले शहीद और जागन टोला से ताजिया जुलूस निकले। जुलूस में शामिल अकीदतमंद “या हुसैन” की सदाओं के साथ मातम करते हुए आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला।
मोहर्रम के अवसर पर निगोहां में सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। विभिन्न स्थानों पर सभी समुदायों के लोगों ने सबील लगाकर जुलूस में शामिल लोगों को शरबत और ठंडा पानी पिलाया। ग्राम प्रधान अभय कांत दीक्षित, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित, पूर्व प्रधान अजय सिंह, विकास सिंह तथा प्रधान पद के उम्मीदवार संजीव शुक्ला पूरे जुलूस के दौरान मौजूद रहे और भीषण गर्मी में लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था कराते रहे।देर शाम सभी ताजियों को कर्बला में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।मुस्लिम कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि निगोहां और आसपास के गांवों में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर मोहर्रम के आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि निगोहां हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल रहा है और भविष्य में भी यह परंपरा कायम रहेगी।निगोहां के अलावा मदारीखेड़ा, उतरावां, डीहा, मीरानपुर सहित क्षेत्र के अन्य मुस्लिम बहुल गांवों में भी मोहर्रम का पर्व पूरी शांति और धार्मिक आस्था के साथ संपन्न हुआ।थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि सभी समुदायों के सहयोग और पुलिस की सतर्क व्यवस्था के चलते मोहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
