मोहनलालगंज। भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी की मोहनलालगंज इकाई 29 जून, सोमवार को तहसील परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन का नेतृत्व 175 कैंट विधानसभा प्रत्याशी अमरपाल सिंह करेंगे।
सपा नेताओं ने बताया कि धरने में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाया जाएगा। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरी तरह नजरअंदाज कर रही है। डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस और खाद्य वस्तुओं के दामों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी की कमर टूट गई है।
175 कैंट विधानसभा प्रत्याशी अमरपाल सिंह ने कहा कि युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। किसान खाद-बीज के लिए परेशान हैं। क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से लोग त्रस्त हैं। सड़कों की हालत जर्जर है। सरकारी योजनाओं में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। महिलाओं और व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। इसका मकसद जनहित के मुद्दों को उठाकर सरकार को नींद से जगाना है। प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सपा के सभी पदाधिकारियों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, फ्रंटल संगठनों और आम जनता से 29 जून को सुबह 11 बजे तहसील परिसर मोहनलालगंज में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
धरने के बाद उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया है। सपा ने दावा किया कि यह धरना क्षेत्र की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
