मोहनलालगंज। साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति का मोबाइल सिम हैक कर उसके बैंक खातों से करीब साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत लखनऊ साइबर क्राइम सेल से कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कुढ़ा निवासी संदीप कुमार पुत्र रामनिधि ने साइबर क्राइम सेल को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बीते 3 जून को हरिद्वार गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर कहा कि उनके मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा गया है और यदि ओटीपी नहीं बताया तो सिम बंद कर दिया जाएगा। संदीप कुमार के अनुसार उन्होंने ओटीपी साझा करने से इनकार कर दिया, जिसके तुरंत बाद उनका मोबाइल सिम बंद हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद बीते 5 जून से 21 जून के बीच यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मोहनलालगंज शाखा में स्थित उनके दोनों बैंक खातों से लगभग साढ़े लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने बताया कि बैंक खाते से रकम निकलने के संबंध में उनके मोबाइल पर कोई एसएमएस भी प्राप्त नहीं हुआ।पीड़ित ने बैंक से खातों का विस्तृत स्टेटमेंट प्राप्त कर साइबर क्राइम सेल को सौंपते हुए पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा निकाली गई धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
