गोसाईंगंज में श्री खाटू श्याम मंदिर निर्माण का हुआ भूमि पूजन, चेयरमैन निखिल मिश्रा ने इक्यावन हजार रुपए का किया सहयोग……
गोसाईंगंज, लखनऊ। गोसाईंगंज नगर पंचायत क्षेत्र स्थित नेगुलाबीर बाबा मंदिर परिसर में श्री श्याम भक्तों द्वारा प्रस्तावित श्री खाटू श्याम जी मंदिर के निर्माण के लिए शनिवार को विधि-विधान से भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, श्याम भक्त एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम में गोसाईंगंज नगर पंचायत के चेयरमैन निखिल मिश्रा ‘टोटी महाराज’ मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने अपने पुत्र विख्यात मिश्रा के हाथों मंदिर निर्माण के लिए मंदिर समिति को ₹51,000 की सहयोग राशि भेंट कराई। साथ ही मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं श्याम भक्तों को आश्वस्त किया कि मंदिर निर्माण और भविष्य में होने वाले धार्मिक आयोजनों में उनकी ओर से हरसंभव सहयोग मिलता रहेगा।चेयरमैन निखिल मिश्रा ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे पावन कार्यों में सहयोग करना उनका सौभाग्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर बनने के बाद यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।मंदिर समिति के सदस्यों ने चेयरमैन द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग और समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। समिति के अनुसार, यह मंदिर गोसाईंगंज ब्लॉक का पहला श्री खाटू श्याम जी मंदिर होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं को नियमित रूप से पूजा-अर्चना का अवसर मिलेगा।क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि चेयरमैन निखिल मिश्रा लंबे समय से सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने क्षेत्र के कई धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और विकास कार्यों में सहयोग प्रदान किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रिय सहभागिता और सहयोग के कारण क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को लगातार बढ़ावा मिल रहा है।भूमि पूजन कार्यक्रम का समापन वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा
