मोहनलालगंज के सोहावा गांव की घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सोहावा गांव में शनिवार सुबह एक नवविवाहिता ने घर के कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय काजल पत्नी कमलेश, पुत्री रामू, निवासी सोहावा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले किसी बात को लेकर काजल की अपने पति कमलेश से कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह कमरे में चली गई और साड़ी के सहारे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही मृतका के पति कमलेश और उसके भाई पिंटू ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था। सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे गांव में शोक का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार काजल का विवाह लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व कमलेश के साथ हुआ था। विवाह के इतने कम समय में हुई इस घटना को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं को गंभीरता से जांच रही है।मोहनलालगंज कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि, “महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम द्वारा निरीक्षण कराया गया है और सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
